धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना। कस्बे के शहीद चौराहे के पास मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि ट्रक चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया और कार सवार की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या एचआर 55 एबी 4905 आजमगढ़ की ओर से मऊ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार संख्या यूपी 50 बीएम 7222 ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर ट्रक के बगल में पहुंच गई।
स्थिति को भांपते हुए ट्रक चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर वाहन रोक दिया। इससे कार सवार को गंभीर हादसे का शिकार होने से बचा लिया गया। टक्कर में कार के चालक की तरफ का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की कतार लगने से कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट बाद आजमगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को रास्ता दिलाकर यातायात सुचारु कराया।
कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद दोनों वाहनों को कोतवाली लाया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
