धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
वलीदपुर (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के महरूपुर मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय अहमद पुत्र अब्दुल हक की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अहमद अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से ससुराल वलीदपुर जा रहा था। इसी दौरान मुहम्मदाबाद गोहना-जीयनपुर मार्ग पर पारस खंड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में अहमद, उसकी पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अहमद ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अहमद की मौत की खबर मिलते ही महरूपुर मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के बाद फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
