बेसमेंट में चल रहा था कैफे, नगर पंचायत ने किया सील


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

नोटिस के बाद भी संचालन जारी रखने पर कार्रवाई, एसडीएम की मौजूदगी में पहुंची टीम; मौके पर जुटी भीड़

मुहम्मदाबाद गोहना। नगर क्षेत्र में भवन नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ नगर पंचायत ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को कैलेंडर तिराहे के पास बेसमेंट में संचालित देवराज कैफे को नगर पंचायत की टीम ने सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री मौके पर मौजूद रहीं।

अधिकारियों के अनुसार, कैफे के बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत की ओर से जांच कराई गई थी। जांच के बाद संचालक को निर्धारित नियमों का पालन करने और बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने के संबंध में कई बार नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस दिए जाने के बावजूद कैफे का संचालन जारी रहा।

मंगलवार दोपहर करीब दो बजे नगर पंचायत की टीम एसडीएम की मौजूदगी में कैफे पहुंची। टीम ने पहले कैफे को बंद कराया और इसके बाद प्रतिष्ठान को सील कर दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी देवेश मिश्रा और फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भवन और अग्नि सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करना आवश्यक है। पूर्व में जारी नोटिस के बावजूद संचालन जारी रखने और नियमों की अनदेखी के कारण नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में ऐसे अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी, जहां बिना अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत है। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुधांशु कुमार, सीओ जितेंद्र सिंह, कोतवाल कमलकांत वर्मा, फायर सर्विस के अधिकारी, उपनिरीक्षक अरविंद यादव और मिथिलेश कुमार समेत राजस्व टीम के लेखपाल मृत्युंजय सिंह, शीशील चौधरी और ज्ञानचंद मौजूद रहे। नगर पंचायत कर्मचारियों में नजीर, विश्वनाथ सोनकर और विनय गुप्ता सहित पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें