धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से ‘मिशन सेफ फ्यूचर-2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। 11 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 25 अगस्त तक चलेगा।
अभियान के तहत बुधवार को परिवहन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर स्कूली वाहनों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने किड्स किंगडम स्कूल, जयमूर्ति पब्लिक स्कूल तथा सीएसबी इंटर कॉलेज, मऊ में संचालित स्कूली वाहनों की जांच की।
इस दौरान कार्यालय के प्रधान सहायक तारा सिंह चौहान एवं प्रवर्तन सिपाही अनूप कुमार ने विद्यालय प्रबंधन से स्कूली वाहनों की फिटनेस समेत आवश्यक अभिलेखों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि सभी स्कूली वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि फिटनेस या परमिट समाप्त वाले वाहनों का संचालन न किया जाए। ऐसे वाहनों को तत्काल वैध फिटनेस और परमिट से आच्छादित कराना सुनिश्चित किया जाए। विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत स्कूली वाहनों की फिटनेस कराने की अपील की है।
