धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में ग्राम कंधेरी में हुआ फसल कटाई प्रयोग, किसान के खेत में कराया गया उत्पादन का आकलन
मऊ। जनपद में धान की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए शुक्रवार को सदर तहसील के परदहां विकासखंड अंतर्गत ग्राम कंधेरी में क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया की उपस्थिति में किसान रामानंद यादव के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार फसल की कटाई और मड़ाई कराई गई। प्रयोग के आधार पर धान की उत्पादकता 50.54 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में खड़ी धान की फसल की कटाई कर मड़ाई कराई गई। इसके बाद प्राप्त उपज का वजन किया गया, जिसमें कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसी उपज के आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन का आंकड़ा निर्धारित किया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने फसल कटाई प्रयोग की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसलों की वास्तविक औसत उपज का वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। साथ ही फसल बीमा और किसानों के हित में संचालित अन्य कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
प्रयोग के दौरान राजस्व एवं संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार फसल की कटाई, मड़ाई और उपज का वजन कराया। इस मौके पर नायब तहसीलदार सदर मनोज कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक उदयभान यादव, लेखपाल अवनीश सिंह सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
