धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
भीटी, मड़ैया, ब्रह्मस्थान और घोसी के नरोखर पोखरा घाट का लिया जायजा, साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिया जोर
मऊ। छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के साथ शुक्रवार को जनपद मुख्यालय और घोसी तहसील क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्यालय स्थित भीटी घाट, मड़ैया घाट और ब्रह्मस्थान घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने घोसी तहसील क्षेत्र के नरोखर पोखरा सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों की व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिया कि पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर आवागमन सुचारु रखने के साथ ही भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देने को कहा। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं की समय से समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाए, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को छठ पर्व के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
