धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना/रानीपुर (मऊ)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार शाम रानीपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री और क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ त्योहारों की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
एसडीएम और सीओ ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। पूजा समितियां प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डीजे का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा। अश्लील या आपत्तिजनक गाने बजाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों को पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश दिए। साथ ही पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखने को कहा। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
बैठक में अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।
इस दौरान रानीपुर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला, आकाश श्रीवास्तव समेत पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
