धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने 11 नवंबर को अपना 108वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर नगर पालिका स्थित सामुदायिक हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक की 108 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं में योगदान को याद किया गया।
गौरतलब है कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना 11 नवंबर, 1919 को हुई थी। स्थापना दिवस समारोह में मऊ क्षेत्र के वरिष्ठ बैंक अधिकारी, कर्मचारी, सम्मानित ग्राहक, पेंशनभोगी, हितधारक और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
समारोह के दौरान बैंक ने ग्राहकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 नए उत्पादों एवं डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की। इनमें कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट, यूनियन व्हीकल अगेंस्ट एफडी, यूपीआई से संबंधित चार उत्पादों का एकीकरण, डिजिटल लॉकर एप्लीकेशन, कस्टमर मैनेजमेंट पोर्टल, तत्काल एनपीएस, एम-पासबुक, यूनियन ईज के माध्यम से पीपीएफ पर ऋण, डिजिटल सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट और नया रिटेल बैंकिंग पोर्टल शामिल हैं।
देशभर में खुलेंगी 108 नई शाखाएं
बैंक ने अपनी सेवाओं का विस्तार करने और अधिक से अधिक लोगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए देशभर में 108 नई शाखाएं खोलने की घोषणा की। इनमें पूर्वोत्तर क्षेत्र में 25, सामान्य व्यवसाय क्षेत्र में 51, युवा वर्ग के लिए 16, विशिष्ट स्टार्टअप के लिए 9 और कृषि मूल्य श्रृंखला से जुड़ी 7 शाखाएं शामिल हैं।
सामाजिक कार्यों में भी दिया योगदान
स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक ने राष्ट्रीय रक्षा कोष में 11.17 करोड़ रुपये का योगदान दिया। इसके अलावा विभिन्न कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत 13.72 करोड़ रुपये की राशि भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में बैंक की ओर से ग्राहक-केंद्रित सेवाओं, डिजिटल तकनीक, वित्तीय समावेशन और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। बैंक अधिकारियों ने कहा कि 108 वर्षों की गौरवशाली विरासत के साथ बैंक भविष्य में भी ग्राहकों को सरल, सुरक्षित और बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
