धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
दोहरीघाट। ग्राम पंचायत मेहदियाकुंड में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के बीच विवाद सामने आया है। ग्राम प्रधान विपिन साहनी ने ग्राम पंचायत सचिव रामचंद्र यादव पर विकास कार्यों के भुगतान के दौरान वाउचर में बदलाव करने और भुगतान में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए सोमवार को जिलाधिकारी से शिकायत की।
ग्राम प्रधान के अनुसार, ग्राम पंचायत में नाली, सीसी रोड समेत कई विकास कार्य कराए गए हैं। आरोप है कि इन कार्यों के भुगतान के समय संबंधित वाउचर में बदलाव किया गया। प्रधान का कहना है कि इस मामले को लेकर करीब दो माह से शिकायत और जांच की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
शिकायत में हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 94,770 रुपये और सामग्री के लिए 1,42,898 रुपये के भुगतान पर सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा महादेव ट्रेडर्स के नाम से किए गए कुछ भुगतानों को लेकर भी ग्राम प्रधान ने अनियमितता की आशंका जताई है।
विद्यालय में बर्तन और अन्य सामग्री की खरीद के लिए किए गए 69,566 रुपये के भुगतान पर भी प्रधान ने सवाल उठाए हैं। वहीं, ह्यूम पाइप के लिए मां शारदा ट्रेडर्स को एक लाख रुपये तथा लाइट के लिए 1,97,500 रुपये के भुगतान को लेकर भी शिकायत की गई है।
ग्राम प्रधान ने खाद्य भंडारण (मॉडल शॉप) और पंचायत सुविधालय के निर्माण कार्य में 40 प्रतिशत कमीशन मांगने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कथित कमीशन की मांग के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या दोष सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
वहीं, ग्राम प्रधान विपिन साहनी ने कहा कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह पूरे प्रकरण की शिकायत मंडलायुक्त से करेंगे।
