धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
घोसी (मऊ)। दुर्गा पूजा, दशहरा और रामलीला समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रविवार को घोसी कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। मूर्ति स्थापना और जुलूस पूर्व निर्धारित स्थान और मार्ग से ही निकाले जाएंगे।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने कहा कि दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें। साथ ही अराजक तत्वों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
तहसीलदार अनीश सिंह ने पूजा समितियों को पंडालों में महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाने, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने और समिति के कार्यकर्ताओं के पहचान पत्र बनवाने को कहा। पंडालों में नशे का सेवन करने वालों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश भी दिए गए। धार्मिक आयोजनों में अश्लील कार्यक्रम कराने पर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। पूजा समितियां निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन करें और जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही।
बैठक में दवा विक्रेता कल्याण समिति के अध्यक्ष अरविंद पांडेय ने तेज आवाज में डीजे बजने से होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया। वहीं सुधीर श्रीवास्तव और अतुल शर्मा ने बिजली के लटकते तारों की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
त्योहारों को देखते हुए नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, बिजली और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में तहसीलदार अनीश सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय, चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता, अमिला चेयरमैन डॉ. रामजतन, अवर अभियंता माजिद समेत पूजा समितियों के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
