झोले से सामान निकालते समय सांप ने डसा, 19 वर्षीय युवती की मौत


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

जिउतिया व्रत के लिए दौरा सजाने का सामान निकाल रही थी निधि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घोसी (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के कुड़हनी गांव में शनिवार दोपहर जिउतिया व्रत की तैयारी कर रही 19 वर्षीय युवती की सांप के डसने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवती झोले में रखा सामान निकाल रही थी। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

कुड़हनी गांव निवासी मुन्ना गोंड की पुत्री निधि गोंड (19) अपनी मां राधिका के जिउतिया व्रत के लिए दौरा सजाने का सामान घर में रखे झोले से निकाल रही थी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे जैसे ही उसने झोले में हाथ डाला, उसमें मौजूद सांप ने उसे डस लिया। निधि के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी हुई।

परिजन तत्काल निधि को उपचार के लिए दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां राधिका का रो-रोकर बुरा हाल है।

निधि दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर की थी। वह अपनी मां के साथ घर पर रहती थी। उसके पिता मुन्ना गोंड बड़े बेटे के साथ हैदराबाद में निजी नौकरी करते हैं, जबकि छोटा भाई गोलू दिल्ली में रहता है। निधि ने कक्षा 12 तक पढ़ाई की थी और इसके बाद घर पर ही रहती थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें