धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
सुरक्षा, साफ-सफाई और सीसीटीवी व्यवस्था पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और सीसीटीवी निगरानी समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ईवीएम/वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण और वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।
उन्होंने वेयरहाउस परिसर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। परिसर में कूड़ा-कचरा या अनावश्यक सामान जमा न होने देने तथा रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वेयरहाउस और उसके आसपास लगे सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत रहें। कैमरों की नियमित जांच और आवश्यक तकनीकी रख-रखाव भी सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट अत्यंत महत्वपूर्ण निर्वाचन सामग्री हैं, इसलिए इनके सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था में निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
