वरिष्ठ अधिवक्ता कालिका दत्त पाण्डेय के निधन पर शोकसभा, दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

घोसी। कलेक्ट्रेट मऊ एवं तहसील घोसी के वरिष्ठ अधिवक्ता कालिका दत्त पाण्डेय के निधन से अधिवक्ता समाज में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि दी गई। अधिवक्ताओं और तहसील कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि कालिका दत्त पाण्डेय करीब 45 वर्षों तक वकालत के क्षेत्र में सक्रिय रहे। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के गोल्ड मेडलिस्ट रहे पाण्डेय अपनी कानूनी विद्वत्ता, दक्षता और लंबे अनुभव के लिए अधिवक्ता समाज में सम्मानित थे। उन्होंने अपने अधिवक्ता जीवन में अनेक मामलों की प्रभावी पैरवी की।

वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता होने के बावजूद उनका व्यवहार सरल, सहज और मिलनसार था। वह कनिष्ठ अधिवक्ताओं का सहयोग करने के साथ उन्हें कानूनी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन भी देते थे। उनके निधन से न्यायिक एवं अधिवक्ता समाज ने एक अनुभवी विधिवेत्ता और मार्गदर्शक खो दिया है।

बताया गया कि अधिवक्ता कालिका दत्त पाण्डेय ने प्रकाश हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता, शुभचिंतक और परिचित अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उनका अंतिम संस्कार दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम में किया गया, जहां उनके इकलौते पुत्र विजयादत्त पाण्डेय ने मुखाग्नि दी।

शोकसभा में तहसीलदार अनीश सिंह, अपर तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता शमशाद अहमद, रफीउल्लाह खान, ब्रह्मदेव उपाध्याय, अरविंद सिंह, राजेंद्र यादव, जनार्दन यादव, अखिलेश सिंह, रमेश श्रीवास्तव, उमाशंकर उपाध्याय, सतीश कुमार पाण्डेय, तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष शिव प्रकाश, महामंत्री जयहिंद, पूर्व महामंत्री बृजेश पाण्डेय, राम प्रवेश यादव, वीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और तहसील कर्मी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें