सेवा संकल्प अभियान में जलेंगे 10 हजार दीप, होंगे जनसेवा के विविध कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान और जनजागरूकता कार्यक्रमों की बनेगी श्रृंखला


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

घोसी, मऊ। शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को घोसी नगर पंचायत कार्यालय में बैठक हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद गुप्ता और अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों एवं कर्मचारियों के साथ अभियान के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। वार्डवार व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में बताया गया कि एक माह तक चलने वाले अभियान में जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे।

अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि 17 सितंबर को अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख तिराहों, सरकारी भवनों, मंदिरों और घाटों को दीपकों से सजाया जाएगा। नगर क्षेत्र में करीब 10 हजार दीप जलाने की तैयारी है। साथ ही नागरिकों को अपने घर-आंगन में भी दीप जलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के दौरान ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्कूलों में ‘विकसित भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, श्रमदान, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, रक्तदान शिविर और जनसेवा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अभियान के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से कराया जाएगा। सभासद अपने-अपने वार्डों में लोगों को कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित कराने में सहयोग करेंगे।

अभियान के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए गए हैं। जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

17 अक्टूबर को सुशासन एवं जनसेवा संवाद के साथ सेवा संकल्प अभियान का समापन होगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें