धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
घोसी (मऊ)। न्यायालय में विचाराधीन राजस्व वाद के निस्तारण की प्रक्रिया के तहत सोमवार को एसडीएम घोसी अशोक सिंह ने ग्राम कपूरपुर पहुंचकर संबंधित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के साथ राजस्व अभिलेखों से उसका मिलान कराया और प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली।
मामला राम प्रभाव बनाम दुर्गविजय से संबंधित है, जो उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 116 के तहत न्यायालय में विचाराधीन है। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि की स्थिति को देखा तथा संबंधित राजस्व कर्मियों से प्रकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान लेखपाल गौरव राय मौजूद रहे। उन्होंने एसडीएम को प्रकरण से संबंधित राजस्व अभिलेखों और अन्य आवश्यक तथ्यों की जानकारी दी। एसडीएम ने मौके की स्थिति और उपलब्ध अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
बताया गया कि स्थलीय निरीक्षण के बाद उपलब्ध राजस्व अभिलेखों और मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
