मऊ: बाढ़ प्रभावित धर्मपुर बिशनपुर पहुंचे डीएम-एसपी, मोहन सेतु के पास कटान का लिया जायजा


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मधुबन (मऊ)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने मधुबन तहसील के धर्मपुर बिशनपुर गांव का दौरा किया। अधिकारियों ने मोहन सेतु के समीप नदी कटान स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों से प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी संबंधित विभागों, बाढ़ चौकियों और राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान हरे-भरे पेड़ों की कटाई को लेकर पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में सिंचाई विभाग और वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य स्वीकृत परियोजना के अनुरूप ही कराए जाएंगे। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बाढ़ और नदी कटान से प्रभावित गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है तथा लोगों के जान-माल की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी दीपक सिंह, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव, कानूनगो योगेंद्र यादव, लेखपाल, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता सहित सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें