धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा, दिल्ली महारैली में अधिक भागीदारी की अपील
मऊ। आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर मऊ में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई। राजीव गांधी महिला पीजी कॉलेज में आयोजित बैठक में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. रघु शर्मा और पूर्व विधायक भगवती प्रसाद शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजमंगल यादव ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार जनता की सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं या किसी मतदाता को उसके अधिकार से वंचित किए जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने और वोटों की कथित चोरी से जुड़े आरोप लगाते हुए मतदाता अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और दिल्ली में होने वाली महारैली की तैयारियों में जुटने की अपील की।
जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि मऊ के कांग्रेस कार्यकर्ता मताधिकार की रक्षा से जुड़े इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर जोर देते हुए महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताप राय, अवध यादव, प्रवीण सिंह, इंतखाब आलम, खालिद अंसारी, असद नोमानी, सईदुर्रहमान अंसारी, महक पांडे, घनश्याम सहाय, रमेश यादव, राम रतन पटेल, सुहैल नोमानी और मनोज गिहार सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
