धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
नदवासराय अंडरपास के पास सुबह टहलने निकली थीं महिलाएं, विरोध करने पर बदमाशों ने की मारपीट
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के नदवासराय अंडरपास के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं को तमंचा दिखाकर चेन और लॉकेट लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिलाओं के साथ मारपीट भी की। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़िता चंदा देवी के अनुसार, वह मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे सीमा देवी के साथ टहलने निकली थीं। नदवासराय अंडरपास के पास पहुंचने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर गले से चेन तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। बदमाश चेन का कुछ हिस्सा लेकर फरार हो गए।
इसी दौरान बदमाशों ने साथ मौजूद सीमा देवी के गले से लॉकेट भी छीन लिया। घटना के बाद दोनों महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश बाइक से मौके से भाग निकले।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश किस रास्ते से पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि नदवासराय अंडरपास के पास दो महिलाओं से चेन और लॉकेट छीने जाने की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
