धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
आईजीआरएस की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर होगा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, विकास भवन के कार्यालयों का किया निरीक्षण
मऊ। 2021 बैच के आईएएस अधिकारी ध्रुव खाडिया ने मंगलवार को जनपद मऊ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वह अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और इसके बाद जौनपुर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सीडीओ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि शासन की मंशा का प्रभाव धरातल पर दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। जनसुनवाई को प्रभावी बनाते हुए आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिले में संचालित विकास परियोजनाओं और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
विकास भवन के कार्यालयों का किया निरीक्षण
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सीडीओ ने विकास भवन परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति और आमजन से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्धता, अनुशासन, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
उन्होंने उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय का भी निरीक्षण किया और मनरेगा के तहत संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। श्रमिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करने को कहा।
सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास को नई गति दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करे, ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार राजीव कुमार, स्टेनो मुख्य विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
