मऊ में ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ कार्यक्रम, सेवा ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की गौरवपूर्ण यात्रा के अवसर पर बुधवार को गाजीपुर तिराहा स्थित कार्यक्रम स्थल पर ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्रसेवा, विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को स्मरण करने के साथ ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के नगर विकास, ऊर्जा एवं अन्य संबंधित विभागों के मंत्री ए.के. शर्मा, मधुबन विधायक राम विलास चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान ‘प्रधानमंत्री के 25 वर्ष विशेष, नए संकल्प का श्रीगणेश’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रसेवा और देशभक्ति का माहौल नजर आया।

सजीव प्रसारण के बाद मंत्री ए.के. शर्मा, विधायक राम विलास चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान में सहभागिता की। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा गाजीपुर तिराहे से शुरू होकर बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए वापस गाजीपुर तिराहे पहुंची, जहां कलश को विधिवत स्थापित किया गया।

गुजरात के मुख्यमंत्री के दौर की यादें साझा कीं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उस समय एक बड़े समारोह में वरिष्ठ अधिकारी के रूप में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। कार्यक्रम की जिम्मेदारी तीन आईएएस अधिकारियों को सौंपी गई थी और सभी ने पूरी लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन किया था।

मंत्री ने गुजरात में आए भूकंप के समय की परिस्थितियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कठिन दौर में नेतृत्व, संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता के साथ गुजरात को आगे बढ़ाने का काम किया गया।

विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में उद्योग, रोजगार, आधारभूत ढांचे, तकनीक, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक बदलाव हुए हैं। भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

मंत्री ने गुजरात के औद्योगिक विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां निर्मित वाहन और अन्य औद्योगिक उत्पाद देश की सीमाओं से बाहर जापान समेत दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रमाण बताया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें