धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर, गुब्बारे छोड़कर डीएम ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
मऊ। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत मंगलवार को शिक्षा विभाग की ओर से जनपद में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ रैली में शामिल हुए।
रैली में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ समेत विभिन्न राष्ट्रभक्ति नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम से सराबोर रहा। बच्चों में रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं। उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
रैली के दौरान जिलाधिकारी ने गुब्बारे आसमान में छोड़कर राष्ट्रप्रेम और जनजागरूकता का संदेश दिया। रंग-बिरंगे गुब्बारों के आसमान में उड़ते ही विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला।
रैली के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
