धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
नेट बंद कर QR स्कैन करता था आरोपी, फर्जी UTR दिखाकर दुकानदारों को बनाता था शिकार
मऊ, 4 अगस्त।
मऊ पुलिस ने ऑनलाइन भुगतान के नाम पर दुकानदारों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित 16 विभिन्न सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी दुकानों पर जाकर सामान खरीदता था और मोबाइल का इंटरनेट बंद कर QR कोड स्कैन करता था। इसके बाद भुगतान की प्रक्रिया के दौरान बनने वाले फर्जी UTR अथवा फर्जी पेमेंट रसीद दिखाकर दुकानदारों को विश्वास में लेता और बिना भुगतान किए सामान लेकर फरार हो जाता था।
कोतवाली नगर थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 229/2026 के अनावरण एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धर्मेन्द्र यादव (52 वर्ष) निवासी हरिहरपुर चिलकहर मुडेरा, थाना रसड़ा, जनपद बलिया को उसके ससुराल से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गाजीपुर, मऊ, वाराणसी समेत विभिन्न जिलों में ऐसी दुकानों की तलाश करता था, जहां ऑनलाइन पेमेंट का साउंड बॉक्स नहीं लगा होता था। भुगतान किए बिना सामान लेकर निकल जाने के बाद वह उसे अपने घर पर रखता और बाद में कम कीमत पर बेचकर जीविकोपार्जन करता था। पुलिस के अनुसार वह अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग नाम और पता भी बताता था ताकि पहचान छिपी रहे।
16 सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर उसके ससुराल से कुल 16 सामान बरामद किए गए। इनमें वोल्टास बीको कंपनी का फ्रिज, सिम्फनी एवं अन्य कंपनियों के एयर कूलर, आटा चक्की, गैस सिलेंडर, ट्रॉली बैग, टुल्लू पंप, ड्रिल मशीन, मिक्सर-जूसर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, स्टील बर्तन स्टैंड, कटर मशीन, प्लास्टिक पाइप, वॉल फैन समेत अन्य सामान शामिल हैं।
पुलिस जांच में बरामद फ्रिज थाना मधुबन में दर्ज मुकदमे तथा एक कूलर कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमे से संबंधित पाया गया। अन्य बरामद सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
धाराओं में बढ़ोतरी
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अतिरिक्त धाराएं जोड़ दी हैं। वहीं मधुबन थाना में दर्ज मुकदमे से संबंधित बरामदगी की सूचना वहां की पुलिस को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। आरोपी का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
