सेवराई (गाजीपुर)। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को मां कामाख्या धाम मंदिर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव एवं क्षेत्राधिकारी जमानिया के नेतृत्व में हुई। इसमें मंदिर समिति के अध्यक्ष, पुजारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
बैठक में नवरात्रि के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और मंदिर परिसर में सुचारु व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव ने कहा कि नवरात्रि के दौरान मां कामाख्या धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपील की।
क्षेत्राधिकारी जमानिया ने कहा कि नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। मंदिर परिसर एवं आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में खंड विकास अधिकारी भदौरा के के सिंह, एसडीओ दिलदारनगर, प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुजारी एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
