सादात (गाजीपुर) विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर स्थानीय समता पीजी कॉलेज सादात के परिसर में प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान में ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को मुख्य प्राथमिकता दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. पीयूष वर्मा ने वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल तापमान को नियंत्रित करते हैं और मृदा अपरदन (मिट्टी के कटाव) को रोकते हैं, बल्कि हमें फल, लकड़ी और बहुमूल्य औषधियां भी प्रदान करते हैं। डॉ. वर्मा ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण को अब एक ‘जन आंदोलन’ का रूप लेने की आवश्यकता है। उन्होंने शासन के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं और युवतियों को इस पुनीत कार्य से बढ़-चढ़कर जोड़ने का आह्वान किया।इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (N.S.S.) के कार्यक्रम अधिकारी ने शासन और विश्वविद्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत कार्यक्रम का संचालन किया। शासन की मंशा के अनुरूप परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत कई फलदार पौधे रोपे गए। साथ ही उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के इस वृहद संकल्प को पूरी निष्ठा से पूरा करने की शपथ दिलाई गई।इस पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में प्राचार्य डॉ. पीयूष वर्मा के साथ डॉ. जे.पी.एन. यादव, श्री अवनीश कुमार रॉय, डॉ. धर्मेंद्र, श्री अमित कुमार, डॉ. प्यारे लाल, डॉ. नीलम पांडेय, डॉ. अनीता यादव, श्री ज्ञानता सोनकर, श्री दीपक यादव और श्री चंदन यादव सहित कॉलेज के तमाम शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपना सक्रिय व सराहनीय योगदान दिया।
