सेवराई। तहसील क्षेत्र के अठहठा गांव निवासी युवा खिलाड़ी मोहित प्रसाद पुत्र सुरेश प्रसाद ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एथलेटिक्स के क्षेत्र में गांव और जिले का नाम रोशन किया है। लखनऊ स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित 61वीं उत्तर प्रदेश स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता में मोहित ने 1000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
साधारण परिवार से निकलकर मोहित ने अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की है। मोहित वर्तमान में वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज के SAI स्पोर्ट्स हॉस्टल में रहकर एथलेटिक्स की तैयारी कर रहे हैं। नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के चलते उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। मोहित की इस सफलता से परिवार के साथ-साथ अठहठा गांव और पूरे रेवतीपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मोहित के पिता सुरेश प्रसाद ने बताया कि बेटे की बचपन से ही खेलों में विशेष रुचि रही है। गांव में आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में मोहित लगातार हिस्सा लेता था और बेहतर प्रदर्शन करता था। उसकी खेल प्रतिभा को देखते हुए परिवार ने उसे प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया, ताकि वह अपनी प्रतिभा को निखारकर आगे बड़ी प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर सके। बेटे के प्रदेश स्तर पर पदक जीतने पर पिता ने गर्व जताया।
मोहित के बड़े भाई संतोष प्रसाद ने बताया कि मोहित कक्षा नौ में पढ़ रहा है और पांच भाइयों में चौथे नंबर पर है। बचपन से ही खेल के प्रति उसकी लगन रही है। गांव की छोटी प्रतियोगिताओं से शुरू हुआ उसका सफर अब प्रदेश स्तरीय मंच तक पहुंच गया है।
मोहित की उपलब्धि यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण, संसाधन और लगातार मेहनत मिले तो गांव के खिलाड़ी भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
