NH-124सी से तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त, हादसों को दावत


सेवराई (गाजीपुर)। सेवराई तहसील मुख्यालय को नेशनल हाईवे-124सी से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भदौरा बस स्टैंड के पास सड़क के एप्रोच में खराबी के कारण छोटे वाहन और बाइक सवार आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

बारिश के बाद जलभराव ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय निवासियों कंचन सिंह, सोनू खरवार, राजू गुप्ता, देवेंद्र कुशवाहा और मुंशी यादव ने बताया कि नेशनल हाईवे-124सी से तहसील मुख्यालय जाने वाला यह प्रमुख मार्ग कई वर्षों से बदहाल है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने मार्ग के एप्रोच पर सीसी कार्य कराया था, लेकिन भारी वाहनों के लगातार दबाव और बारिश के कारण सड़क कई स्थानों से टूट गई है।

क्षतिग्रस्त सड़क पर बने गहरे गड्डों और टूटे एप्रोच के कारण छोटे वाहन चालकों और बाइक सवारों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। आए दिन वाहन अनियंत्रित होने से लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान छोटे वाहनों से टक्कर की आशंका बनी रहती है, जिससे वाहन चालकों के बीच नोकझोंक और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।

बारिश के बाद सड़क पर जलभराव होने से समस्या और विकराल हो गई है। राहगीरों को घुटने भर पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं वाहन चालकों को पानी के कारण सड़क पर मौजूद गड्डों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा कई गुना बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव और सड़क खराब होने की समस्या सामने आती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका है।

गौरतलब है कि यह मार्ग सेवराई तहसील मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भदौरा ब्लॉक मुख्यालय और स्थानीय बाजार को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोगों का इस मार्ग से आना-जाना होता है। सड़क की बदहाली और जलभराव की समस्या ने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी है।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव ने बताया कि सड़क की स्थिति को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे। जल्द ही आवश्यक मरम्मत कार्य कराकर आवागमन को सुचारू बनाया जाएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें