सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के गहमर गांव निवासी एक किशोर की सर्पदंश से मौत के बाद बसपा नेता परवेज खान बुधवार को मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली, दुख प्रकट किया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार सेवराई तहसील क्षेत्र के गहमर के पट्टी मैगर राय निवासी 16 वर्षीय निकेश कुमार को मंगलवार की भोर करीब 3 बजे घर में सोते समय एक जहरीले सांप ने डस लिया था। सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उसे तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
हालांकि परिजन उसे पटना ले जाने के बजाय गाजीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बसपा नेता परवेज खान ने पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों को खोने का दर्द बेहद पीड़ादायक होता है। इस कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया।
