धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
2027 में सपा सरकार बनने का किया दावा, जनचौपाल में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने की अपील
मधुबन (मऊ)। पतहपुर तकिया गांव में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुसुमलता ने की और संचालन मुन्नी गौड़ ने किया। मुख्य अतिथि सपा की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य लीलावती कुशवाहा रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और मतदाता सूची की लगातार निगरानी करने की अपील की।
जनचौपाल को संबोधित करते हुए लीलावती कुशवाहा ने कहा कि मतदाता सूची को आधार से जोड़कर सभी चुनाव एक ही मतदाता सूची के आधार पर कराए जाने से फर्जी मतदान पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की जांच करने को कहा, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अधिकारियों पर गलत तरीके से मतदाता सूची तैयार करने का दबाव बना रही है। कहा कि सपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मतदाता सूची की निगरानी कर रहे हैं। यदि किसी अधिकारी की ओर से गलत तरीके से मतदाताओं के नाम बढ़ाने या हटाने का मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सपा नेता ने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पूर्व में संचालित कई योजनाओं को फिर से बहाल किया जाएगा। साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार से जनता परेशान है। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की। साथ ही दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस दौरान भीमल कुशवाहा, लालजी मौर्य, रंभा चौहान, रामजतन राजभर, आसमा, मोहन चौहान, रानी गौड़, नीलम मौर्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
