नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, लोगों ने किया प्रदर्शन


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

चार रद्दा चौड़ी नाली बनाने की मांग, ईओ ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

कोपागंज (मऊ)। नगर पंचायत कोपागंज के वार्ड नंबर एक स्थित चमार बस्ती में नाली निर्माण को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि मानक के अनुरूप नाली नहीं बनी तो बारिश के दौरान जलनिकासी की समस्या और गंभीर हो जाएगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, निर्माण में मसाले का अनुपात भी मानक के अनुरूप नहीं रखा जा रहा है। आरोप है कि आठ-एक के अनुपात में मसाला तैयार कर नाली निर्माण में लगाया जा रहा है। लोगों ने बताया कि पूर्व में यहां करीब तीन रद्दा चौड़ी नाली बनी थी और वर्तमान में भी उसी चौड़ाई में निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जलनिकासी की समस्या को देखते हुए नाली की चौड़ाई कम से कम चार रद्दा करने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने निर्माण करा रहे ठेकेदार से नाली की चौड़ाई बढ़ाने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। आरोप है कि ठेकेदार ने निर्धारित सीमा के अनुसार ही निर्माण कराने की बात कही। इसके बाद लोगों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए नगर पंचायत प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की।

जांच के बाद होगी कार्रवाई : ईओ

नगर पंचायत कोपागंज के अधिशासी अधिकारी सी.एल. तिवारी ने कहा कि निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में निर्माण मानकों के विपरीत या किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित निर्माण को दोबारा तोड़कर निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा।

वहीं, निर्माण करा रहे ठेकेदार ने स्थानीय लोगों के आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जा रहा है और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत कारणों से निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एक-दो लोगों ने उनसे रुपये की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्रदर्शन में उपेंद्र कुमार, राकेश कुमार, विवेक कुमार, रविशंकर, लालमैन मास्टर, बलजोर, डब्बू, आशा, उषा, गीता, घुरीया, तिजीया, गुंजन, रंभा, संगीता, चंद्रकला, सोनी, रीता, शांति और दुर्गावती समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जलनिकासी की समस्या को देखते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार नाली निर्माण कराने की मांग की है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें