पंखे से लटकती मिली विवाहिता, मौत के बाद मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

चार पहिया वाहन की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप, पिता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दी तहरीर

कोपागंज (मऊ)। थाना क्षेत्र के काछी कला गांव में मंगलवार तड़के 26 वर्षीय विवाहिता पूजा चौहान संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकती मिली। परिजन उसे आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता धीरज चौहान निवासी पुरा-पोहो, थाना किरिहरापुर, जिला बलिया ने कोपागंज थाने में तहरीर देकर पति उमेश चौहान समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पूजा की शादी वर्ष 2023 में काछी कला निवासी उमेश चौहान के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।

पिता का आरोप है कि शादी के समय ससुराल पक्ष को जेवरात के साथ 10 लाख रुपये और बुलेट बाइक दी गई थी। इसके बावजूद चार पहिया वाहन की मांग को लेकर पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

तहरीर के मुताबिक, पांच अक्तूबर की रात करीब एक बजे पूजा ने फोन पर अपने पिता से बातचीत की थी। उसने ससुराल वालों की ओर से जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात कही थी। इसके कुछ घंटे बाद मंगलवार सुबह मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली। पिता का कहना है कि जब वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिली।

बताया गया कि मृतका का पति उमेश चौहान काफी समय से ऑस्ट्रेलिया में काम करता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें