धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई के माध्यम से ठगी गई 11,100 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित को वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार, चालीसवां निवासी समरजीत यादव पुत्र महेंद्र यादव के साथ यूपीआई के जरिए साइबर फ्रॉड हुआ था। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस टीम ने संबंधित स्तर पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रयास के बाद 13 अगस्त को ठगी की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन या पार्ट टाइम जॉब के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहें। ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
