धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, राजस्व वसूली बढ़ाने और विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने को लेकर अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। अपर जिलाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में जिले के सभी नगर निकायों में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को घर-घर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, शौचालयों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने शासन की योजनाओं को शत-प्रतिशत पूरा कराने के साथ ही नगर निकायों के कर एवं करेत्तर देयों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने को कहा। 15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि से स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना और आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर भी जोर
अपर जिलाधिकारी ने निराश्रित गोवंश के लिए संचालित गौशालाओं में पर्याप्त भूसा-चारा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने सभी नगर निकायों में प्रतिबंधित पालीथिन के खिलाफ जब्ती और जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
