धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ साइबर पुलिस टीम ने तीन पीड़ितों के खातों से ठगी गई कुल 34,723 रुपये की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में साइबर फ्रॉड की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में थाना घोसी तथा मुहम्मदाबाद गोहना की साइबर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम वापस कराई।
थाना घोसी क्षेत्र के ग्राम गंगुईबारी निवासी दिग्विजय चौहान के खाते से ठगी गई 10 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई गई। वहीं, थाना मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के ग्राम सुरहुरपुर निवासी वासुकीनाथ तिवारी के 7 हजार रुपये तथा ग्राम कोठिया निवासी विन्ध्याचल यादव के खाते से ठगी गई 17,723 रुपये की धनराशि वापस कराई गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों के साथ यूपीआई के माध्यम से लिंक भेजकर ऑनलाइन फ्रॉड किया गया था। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस टीम ने संबंधित प्रक्रिया पूरी करते हुए धनराशि की वापसी सुनिश्चित की।
साइबर ठगी से बचने की अपील
पुलिस अधीक्षक मऊ ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन निवेश, लोन, पार्ट टाइम जॉब या किसी अन्य बहाने से मांगे जाने वाले OTP अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
