धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवार परामर्श समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में हुई बैठक में पारिवारिक विवाद से जुड़े कुल सात मामले समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
समिति के सदस्यों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी समझौते और पारिवारिक सौहार्द के आधार पर चार मामलों का निस्तारण करा दिया। वहीं, शेष तीन मामलों में आवश्यक सुनवाई पूरी नहीं हो सकी, जिसके लिए अगली तारीख 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
बैठक में परिवार से जुड़े विवादों को संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया गया। समिति ने संबंधित पक्षों को पारिवारिक रिश्तों में समझ, संयम और सहयोग बनाए रखने की सलाह भी दी।
इस दौरान सेवानिवृत्त डीवाईएसपी बृजराज सिसौदिया, सर्वेश दूबे, शाहिद पैरिस, मौलवी अरशद, इन्द्रभूषण पांडेय, उपनिरीक्षक मधू शर्मा, महिला आरक्षी पूनम पाल, राजलक्ष्मी और करिश्मा मौजूद रहीं।
