मिशन शक्ति फेज-6.0: मऊ में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

पंपलेट वितरित कर बताए जा रहे अधिकार और हेल्पलाइन नंबर, सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाने पर जोर

मऊ। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मऊ श्री सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को जागरूक कर रही हैं। इस दौरान पंपलेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं।

अभियान के तहत पुलिसकर्मी महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ और लैंगिक अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। साथ ही साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। छात्राओं को गुड टच-बैड टच और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस टीमों द्वारा महिला कल्याणकारी योजनाओं और पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी बताया जा रहा है। मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सहायता, परामर्श और मार्गदर्शन की जानकारी भी दी जा रही है।

मऊ पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं।

संदेश: नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें