धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था अवनीश, बदमाश वारदात के बाद फरार; पुलिस ने शुरू की जांच
मऊ। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सरसेना पेट्रोल पंप के पास सुनसान रास्ते पर हुई। मृतक की पहचान रानीपुर थाना क्षेत्र के लखनुआ डीह काझा निवासी अवनीश (25) पुत्र सुरेश के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अवनीश सोमवार शाम करीब पांच बजे अपने दोस्त गोल्डी के साथ बाइक से जा रहा था। बताया जा रहा है कि सरसेना पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से अवनीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही चिरैयाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने घायल अवनीश को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बेहद गंभीर थी और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. एसके नितिन के अनुसार, युवक के सिर में गोली लगी थी। चोट गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि वारदात चिरैयाकोट की सरसेना चौकी से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
