कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर दोहरीघाट पहुंचे एसडीएम, घाटों का लिया जायजा


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

क्षतिग्रस्त गौरीशंकर घाट पर स्नान और जल भरने पर रोक, श्रद्धालुओं से रामघाट का उपयोग करने की अपील

घोसी/दोहरीघाट (मऊ)। सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी। सोमवार को एसडीएम घोसी अशोक कुमार सिंह ने राजस्व कर्मचारियों के साथ दोहरीघाट पहुंचकर रामघाट, गौरीशंकर मंदिर समेत कांवड़ यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम ने रामघाट पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर लगाई गई बैरिकेडिंग, स्नान व्यवस्था और बचाव दल की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान कराया जाए और नदी में किसी को भी सुरक्षित सीमा से बाहर न जाने दिया जाए।

गौरीशंकर घाट पर जाने से रोकने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने क्षतिग्रस्त गौरीशंकर घाट पर स्नान करने और जल भरने पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी तरह का जोखिम न लें और सुरक्षित रूप से स्नान करने तथा जल भरने के लिए रामघाट का ही उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि घाटों पर तैनात कर्मचारी लगातार श्रद्धालुओं को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करें। बचाव दल के कर्मचारी पूरी तरह मुस्तैद रहें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष नजर

एसडीएम ने राजस्व, नगर पंचायत और पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घाटों पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं की सहायता के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्नान करने के लिए प्रेरित करते रहें।

निरीक्षण के दौरान एआरके सुधाकर, परसुराम यादव, राजेश राम, मतीन खान, गौरव राय, आशीष चौहान समेत राजस्व, नगर पंचायत और अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें