मधुसूदन तिवारी | कोपागंज,मऊ
कोपागंज (मऊ)। ग्राम सभा लाडनपुर माफी में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शिवानंद तिवारी के द्वार से शिव मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर पानी जमा होने के कारण रास्ते की स्थिति खराब हो गई है। पानी में हरी जलकुंभी और काई की मोटी परत जमने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार जलभराव के कारण सड़क पर पैदल चलना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर पानी जमा रहने से आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ पशुओं के आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण मार्ग पर गंदगी और फिसलन की स्थिति भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है। जिला पंचायत अध्यक्ष से लेकर खंड विकास अधिकारी तक समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही शिवानंद तिवारी के द्वार से शिव मंदिर तक जलनिकासी की उचित व्यवस्था कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान यदि पानी की निकासी नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों में शामिल शिवानंद तिवारी, उमेश तिवारी, मधुसूदन तिवारी, रंजीत तिवारी, जयप्रकाश तिवारी और प्रिंस तिवारी ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
