धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। जनपद मऊ की थाना रामपुर साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक पीड़ित की ₹44,000 की पूरी धनराशि वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में साइबर फ्रॉड रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर एवं थाना प्रभारी रामपुर के नेतृत्व में साइबर टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में महबूब अहमद पुत्र समीउल्लाह, निवासी लधुवाई, थाना रामपुर, के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने ₹44,000 की ऑनलाइन ठगी कर ली थी।
पीड़ित ने समय रहते साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना रामपुर में तैनात साइबर पुलिस टीम ने तत्काल तकनीकी कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित के खाते से निकाली गई पूरी ₹44,000 की धनराशि वापस करा दी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देर किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि वापस कराई जा सके।
