आफ़ताब आलम | घोसी
शांतिपूर्ण आयोजन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने की चर्चा
घोसी (मऊ)। 12 रबी उल अव्वल के अवसर पर निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी और विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली मिलाद-ए-मुस्तफा को लेकर मंगलवार को घोसी कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजन समितियों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ सुरक्षा, यातायात और शांति व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं। आयोजक प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी और मिलाद के कार्यक्रमों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। आयोजन समितियां पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही कार्यक्रम संपन्न कराएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना प्रसारित न करने की अपील की।
बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, कार्यक्रम स्थलों, समय, भीड़ नियंत्रण, ध्वनि व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। लोगों ने विभिन्न समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के सामने रखा। आयोजकों ने शांतिपूर्ण आयोजन का भरोसा देते हुए प्रशासन को पूरा सहयोग करने की बात कही।
अधिकारियों ने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के साथ ही आपसी भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर पर्व मनाने और घोसी की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखने की अपील की।
बैठक में जुल्फेकार अहमद, मेराज, राशिद रजा, फिरोज अंसारी, खुर्शीद खान, एहतेशाम शेख, सादिक खान, जीशान, इमरान, मुस्तफा, कलीम अशरफ, गयासुद्दीन अंसारी, फखरुद्दीन, शाहिद रजा, सईद अख्तर, अब्दुल गनी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
