कासिमाबाद (गाजीपुर)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से कासिमाबाद तहसील परिसर में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) की शुरुआत की गई। केंद्र का शुभारंभ उपजिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने किया। यहां पहुंचने वाले मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर मशीनों के संचालन की जानकारी दी जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों में 20 नवंबर से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ-साथ विधानसभा स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय में भी प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेंगे।
प्रदर्शन केंद्र पर मतदाताओं को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाई जाएगी। इसके लिए डमी प्रत्याशियों और चुनाव चिह्नों का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाता स्वयं मतदान का अभ्यास कर सकेंगे और वीवीपैट मशीन में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से अपने वोट की पुष्टि करने की प्रक्रिया को भी समझ सकेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं के मन में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर मौजूद जिज्ञासाओं एवं शंकाओं को दूर करना तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ाना है। इससे आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदान करने में सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक कमलेश कुमार, अजित कुमार, लेखपाल शोभनाथ यादव, सुनीता, जूही, कुसुम और श्वेता सहित अन्य राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।
