गाजीपुर। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले की सातों तहसीलों में फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। इस दौरान जिले की सारों तहसीलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 666 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 57 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सदर में सर्वाधिक 188 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील जमानिया में 85 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें आठ का समाधान मौके पर किया गया। तहसील मोहम्मदाबाद में 60 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें नौ का निस्तारण हुआ।
इसी क्रम में तहसील जखनियां में 91 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पांच का मौके पर समाधान किया गया। तहसील सेवराई में 53 प्रार्थना पत्रों में से चार का निस्तारण हुआ, जबकि तहसील सैदपुर में 50 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मात्र दो का मौके पर समाधान हो सका।
वहीं तहसील कासिमाबाद में 139 फरियादियों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र दिया, जिनमें से केवल नौ शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर सभी तहसीलों के समस्त राजस्व कर्मी एवं हल्का लेखपाल मौजूद रहे।
