कासिमाबाद (गाजीपुर)। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 5 जून से 21 जून 2026 तक संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकास खंड कासिमाबाद के ग्राम पंचायत सिधउत में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा फीता काटकर किया गया। “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आयोजित इस जन चौपाल का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा विकास कार्यों की समीक्षा करना था।
जन चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, पेंशन, राजस्व संबंधी मामलों सहित विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। भूमि विवाद से संबंधित सभी मामलों को रजिस्टर में दर्ज कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही नए पंचायत भवन, बारात घर एवं अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर लंबित समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत सिधउत में निर्मित अन्नपूर्णा भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में रोजगार सेवक की अनुपस्थिति एवं कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी लोकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
