भांवरकोल। स्थानीय थाना क्षेत्र के सलारपुर चट्टी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मंगलवार दोपहर हुए हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पखनपुरा गांव निवासी इमरान खान का 20 वर्षीय पुत्र फरहान उर्फ कल्लू अपनी बाइक से बिहार के बक्सर जनपद अंतर्गत सारीपुर अहिरौली स्थित अपने ननिहाल जा रहा था। जैसे ही वह सलारपुर चट्टी के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि फरहान उर्फ कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कमर, कूल्हे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मोरध्वज दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। फरहान उर्फ कल्लू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा माना जाता था। गांव के लोगों ने उसे एक होनहार और मिलनसार युवक बताया।
उपनिरीक्षक मोरध्वज दुबे ने बताया कि फरार कंटेनर ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए परिजनों से वार्ता की जा रही है।
