शादियाबाद (गाज़ीपुर), 12 जुलाई। शादियाबाद स्थित ‘द शार्क जिम’ में शनिवार को भव्य बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के अनेक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। 51 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में मो0आदिल ने प्रथम,अभिषेक ने द्वितीय तथा साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 61 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में दीपक यादव प्रथम, आरुष द्वितीय और सुशील तृतीय स्थान पर रहे। इसके बाद आयोजित ओपन चैलेंज प्रतियोगिता में दिव्यांशु ने प्रथम, शशांक ने द्वितीय तथा सुजीत ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान कस्बा दयालपुर रियाजुद्दीन अहमद ‘गुड्डू’ व्यापार मंडल अध्यक्ष शादियाबाद सोनू अहमद व शानू सिद्दीकी (पत्रकार, दैनिक जागरण), हसन इकबाल (पत्रकार, सी न्यूज़),नुरुल्लाह अहमद, मोहम्मद कैफ सिद्दीकी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। अतिथियों ने युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में ‘द शार्क जिम’ के संचालक शक्ति चौबे ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
शादियाबाद में ‘द शार्क जिम’ बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का हुआ भव्य आयोजन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
