सेवराई।(गाजीपुर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेवतीपुर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय एवं चिकित्साधिकारी डॉ. अमर कुमार ने संयुक्त रूप से पौधा रोपकर किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अशोक, आम और रुद्राक्ष के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। यह केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मां के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी का भाव है। उन्होंने कहा कि मां हमें जीवन देती है और पेड़ जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से जुड़ जाए तो आने वाले वर्षों में देश हरियाली से आच्छादित होगा और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। अस्पताल परिसर में छायादार एवं औषधीय पौधों के लगने से मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। आम और रुद्राक्ष जैसे पौधे पर्यावरण के साथ-साथ स्वास्थ्य की दृष्टि से भी उपयोगी हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण आवश्यक है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विष्णु सिंह, भाजपा नेता पंकज राय, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. अमित चौबे, थाना प्रभारी राजू दिवाकर, चंद्रजीत यादव, सुधीर कुमार, अभिषेक राय, गोलू राय, पुलस्तमुनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।
