मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न, की पूजा-अर्चना


बहादुरगंज۔गाजीपुर۔केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बहादुरगंज क्षेत्र में उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्राचीन एवं प्रसिद्ध माता चंडी धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन तथा प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने देश की उन्नति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की तथा सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। कार्यक्रम का शुभारंभ माता चंडी धाम के पुरोहित राहुल तिवारी बाबा के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा गरीब कल्याण के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की बात भी कही। इस अवसर पर जिला मंत्री मयंक राय, मंडल अध्यक्ष शुभांशु मिश्रा, अजय सिंह, हरिशंकर राय, रामायन गुप्ता, गिरीश निरंजन, चंदन गुप्ता, अरविंद प्रजापति,श्याम बिहारी वर्मा, शक्ति जायसवाल, वंशीराम, रंजीत राणा, कौशल त्रिपाठी, नीतीश उपाध्याय, अजय राय, अशोक राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें