बहादुरगंज, गाजीपुर। स्थानीय कस्बा बहादुरगंज के वार्ड संख्या-2 स्थित मोहल्ला दक्खिन निवासी मौलवी अफजल हसन की चेन्नई में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौलवी अफजल हसन पुत्र मंजूर हसन (40 वर्ष) रोजी-रोटी की तलाश में ईद के बाद चेन्नई गए हुए थे। वह वहां एक निजी प्रतिष्ठान में कार्य कर रहे थे। बताया जाता है कि मंगलवार देर रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और संबंधित प्रतिष्ठान के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। कंपनी के मैनेजर ने घटना की जानकारी उनके भांजे अब्दुल अलीम, निवासी इंदारा, को फोन के माध्यम से दी। इसके बाद परिजनों को सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
मृतक अफजल हसन अपने पीछे वृद्ध माता सैमुन्नेसा, भाई गुड्डू तथा तीन बच्चों को अपने पीछे छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिवार का भरण-पोषण मुख्य रूप से उन्हीं की आय पर निर्भर था। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की खबर जैसे ही बहादुरगंज कस्बे में पहुंची, लोगों में शोक व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में शुभचिंतकों और स्थानीय नागरिकों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत की मगफिरत और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की दुआ की।
परिजनों के अनुसार मृतक का शव आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके पैतृक निवास लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार/सुपुर्द-ए-खाक की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
चेन्नई में सड़क हादसे में बहादुरगंज निवासी अफजल हसन की दर्दनाक मौत, कस्बे में शोक की लहर,परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
