भांवरकोल। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भांवरकोल क्षेत्र के बढनपुरा गांव के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से पटना जा रहा कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक अचानक सकरी पुलिया की रेलिंग से टकराकर उसमें फंस गया। गनीमत रही कि ट्रक पुल के नीचे नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक पप्पू कुमार सुबह करीब 5:30 बजे दिल्ली से पटना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बढनपुरा गांव के पास स्थित सकरी पुलिया पर चालक को झपकी आ गई और ट्रक बाईं ओर रेलिंग से टकराते हुए उसमें फंस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई के कर्मचारी और राजमार्ग साथी मौके पर पहुंच गए। राजमार्ग साथी अंजनी यादव, प्रीतेश और धीरेंद्र शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाहनों को बारी-बारी से निकलवाना शुरू किया।
अंजनी यादव ने बताया कि JH02 BR 3434 नंबर का ट्रक पुलिया की रेलिंग में फंसा हुआ है। उसे निकालने के लिए क्रेन मंगाई जा रही है। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर जल्द ही आवागमन सामान्य कराया जाएगा।
ट्रक के पुलिया पर फंस जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब पांच घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद कर्मियों ने यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कभी-कभी दोनों ओर वाहनों की लाइन लग जाती थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया है। क्रेन मंगाकर फंसे ट्रक को हटाया जा रहा है, जिसके बाद जल्द ही यातायात पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा।
