गाजीपुर। प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रभावशाली मंच संचालन की बदौलत भांवरकोल क्षेत्र के मुड़ेरा बुजुर्ग निवासी सुमनलता राय (पत्नी डॉ. अरुण राय) को गाजीपुर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में “बेस्ट एंकरिंग अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 26 अप्रैल 2026 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रदान किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
दीक्षांत समारोह के दौरान सुमनलता राय ने अपने प्रभावशाली और आत्मविश्वासपूर्ण मंच संचालन से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। उनकी स्पष्ट वाणी, सधे हुए शब्दों और आत्मविश्वास भरी प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का दिल जीत लिया।
उनकी उत्कृष्ट एंकरिंग से प्रभावित होकर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने उन्हें बेस्ट एंकरिंग अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस सम्मान के साथ ही समारोह में मौजूद लोगों ने भी उनकी सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सुमनलता राय की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिभा आने वाले समय में और भी बड़ी सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करेगी।
